जमशेदपुर : जमशेदपुर के एसएसपी प्रभात कुमार ने जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के थाना प्रभारियों के साथ बैठक की. बैठक के दौरान ग्रामीण इलाके के थानेदारों को कहा गया है कि वे लोग हाइवे और दूसरे जिलें या राज्य से लगे हुए इलाके में ज्यादा गश्ती करें ताकि अपराधी इस जिले से दूसरे जिले जाकर छिपे नहीं और ना ही एक राज्य से दूसरे राज्य जाकर अपराध कर सके. इस दौरान नक्सलियों की गतिविधियों पर भी नजर रखने को कहा गया है. वहीं, डीएसपी स्तर के अधिकारियों को कहा गया है कि वे लोग भी लगातार मोनिटरिंग करते रहे. दूसरी ओर, फरार अपराधियों की तलाश के लिए लगातार सूचना इकट्ठा करते हुए सबको गिरफ्तार करने की कार्रवाई करते रहने को कहा गया है. (नीचे भी पढ़ें)

ग्रामीण इलाकों के थानेदारों की बैठक के बाद शहरी क्षेत्रों के थानेदारों के साथ भी एसएसपी ने बैठक की. इस बैठक में यह बताया गया कि शहरी क्षेत्रों में संगठित अपराध, रंगदारी और फरार अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार करें. इस दौरान सोशल मीडिया पर नजर रखने और ऐसे अपराधियों पर नकेल कसने को कहा गया, जो लगातार फरार चल रहे है. ऐसे लोगों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेजने का आदेश दिया गया है. जेल से छूटे हुए अपराधियों की सूची तैयार कर ऐसे लोगों की पहचान करने को कहा गया है, जो व्हाइट कॉलर है और अपराधियों से मदद लेकर अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहे है.



