जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह बड़ाबांकी स्थित पुलिया से एक 25 वर्षीय युवक के अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, बारीडीह बस्ती निवासी कृष्ण दास (25) अपने दो दोस्तों के साथ रात करीब 9 बजे लुपुंगडीह बड़ाबांकी पुलिया के पास पहुंचा था. बताया जा रहा है कि तीनों दोस्तों ने शराब का सेवन भी किया था. कुछ देर बाद कृष्ण दास अचानक मौके से गायब हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

कृष्ण दास के दोस्तों ने आसपास काफी खोजबीन की. इसी दौरान पुलिया के ऊपर उसकी चप्पल और अन्य निशान दिखाई दिए. काफी तलाश के बावजूद कृष्ण दास का कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद तत्काल बिरसानगर थाना को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि युवक नदी में गिर गया या कूद गया होगा. हालांकि, कृष्ण दास नदी में कूदा था या किसी अन्य वजह से लापता हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. पुलिस युवक की तलाश में जुटी है. मामले में उसके साथ मौजूद दोनों दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है.




