जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत टिनप्लेट काली मंदिर के पास बीती रात एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए. दोनों को हल्की चोटें आई हैं. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, कार टिनप्लेट काली मंदिर के पास से गुजर रही थी. इसी दौरान अचानक चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. कार में उस समय दो लोग सवार थे. हादसे में दोनों को चोटें आईं. (नीचे भी पढ़ें)

दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया. बताया जा रहा है कि दोनों की स्थिति सामान्य है. घटना की सूचना मिलने के बाद गोलमुरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली. पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.




