जमशेदपुर: जमशेदपुर में बुधवार की सुबह टेल्को थाना क्षेत्र से बरामद अज्ञात युवक के शव की पहचान हो गई है. मृतक की पहचान गोविंदपुर निवासी अजय श्रीवास्तव (26 वर्ष) के रूप में की गई है.अजय पेशे से चिकन शॉप चलाता था और उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उनके परिवार में मां, पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं. शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया. मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बच्चे पिता को बार-बार पुकारते नजर आए.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम एमजीएम अस्पताल में करा लिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. परिजनों ने अजय के एक दोस्त राज नामक युवक पर संदेह जताया है. उनका कहना है कि राज पहले भी अजय को घर से बुलाने आता था. बताया गया कि घटना वाले दिन भी एक युवक मास्क पहनकर अजय को बुलाने आया था, हालांकि किसी ने उसकी स्पष्ट पहचान नहीं की.फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है. संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.















