
जमशेदपुर : गत 1 मई को राँची में कोल्हान विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति व प्रख्यात अर्थशास्त्री प्रोफेसर आरपीपी सिंह का निधन हुआ। कोल्हान विश्वविद्यालय में उनके साथ कार्य करने के अनुभवों को साझा करते हुए वीमेंस कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर शुक्ला महांती भावुक हो उठीं। उन्होंने बताया कि मैंने उनके नेतृत्व में केयू की प्रतिकुलपति के रूप में काम किया। कोल्हान विश्वविद्यालय की आधारभूत संरचना के विकास से लेकर प्रशासनिक व अकादमिक कार्यशैली को दुरूस्त करने का कार्य प्रोफेसर सिंह ने शुरू किया। वे टीम वर्क पर विश्वास करते थे और सभी को खुलकर काम करने का मौका देते थे। कोल्हान विश्वविद्यालय के नैक से मूल्यांकन की जिम्मेदारी उन्होंने लगभग पूरी तरह से मुझे दी। यह उनका भरोसा ही था कि इतने कम संसाधनों व सुविधाओं के बावजूद स्थापना के मात्र छः साल में ही नैक से मूल्यांकन संभव हुआ। सभी कालेजों को नैक से मूल्यांकित कराने का कार्य भी उन्होंने अपने समय में शुरू कराया जिसे कुलपति के रूप में अपने कार्यकाल में मैंने पूरा कराया। यह मेरे जीवन का अविस्मरणीय पल था जब मैंने प्रोफेसर आरपीपी सिंह जी से कुलपति का पदभार प्राप्त किया। जिनके मेंटरशिप में काम किया उन्हीं के हाथों कुलपति का पदभार ग्रहण करना खास था। उनका चले जाना एक मजबूत कार्य संस्कृति का समाप्त हो जाना है। प्रशासनिक कुशलता के साथ-साथ वे एक योग्य अर्थशास्त्री और शिक्षाविद भी थे। झारखंड की जनजातीय संस्कृति की वे बहुत इज्जत करते थे और जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा के लिए उल्लेखनीय कार्य भी किये। उनके निधन से पूरा जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज परिवार मर्माहत है और उस पुण्यात्मा की शांति की हम सब प्रार्थना करते हैं।













