
जमशेदपुर : विगत दिनों सरकारी अनाज का घोटाला एवं बड़े पैमाने पर हेराफेरी के मामला को लेकर कांग्रेस नेता व युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव ज्योतिष यादव के नेतृत्व में झारखण्ड सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरॉव से मिल कर राँची में मांग पत्र सौंपा गया था, जिस पर मंत्री श्री उरॉव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभागीय सचिव हिमानी पाण्डेय से कड़ी कार्रवाई के लिए कहा। तत्पश्चात उपायुक्त सूरज कुमार से वार्ता की गई व कार्रवाई की सराहना की गयी. ज्योतिष यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त कोई भी नहीं बचना चाहिए। गरीबों का एक निवाला भी लूटने वाले को नहीं छोड़ा जाएगा। ज्योतिष यादव ने कहा कि विगत एक माह से गोपनीय सूचना प्राप्त हो रही थी कि राज्य खाद्य निगम एवं एफसीआई के गोदाम से बड़े पैमाने पर सरकारी अनाज का घोटाला एवं हेराफेरी गोदाम में नियुक्त अधिकारी कर रहे है। जिसकी सूचना उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को दी गई। इस पर उपायुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए साकची के एक गोदाम, बर्मामाइन्स के दो गोदाम एवं खासमहल करनडीह प्रखण्ड कार्यालय स्थित गोदाम को सील कर वरीय पदाधिकारी के निरिक्षण में बोरा की गिनती करवाई, जिसके फलस्वरूप बहुत बड़े पैमाने पर घोटाला और हेराफेरी उजागर हुई। कांग्रेस नेता ज्योतिष यादव ने उपायुक्त सूरज कुमार की सराहना करते हुए कहा कि उपायुक्त की सक्रियता के कारण ही सरकारी अनाज का भ्रष्टाचार का उजागर संभव हुआ। अब दोषियों को प्रशासन जेल भेजे। आगे कहा कि अनाज घोटाला में डोरस्टेप डिलीवरी से जुड़े संवेदक तथा वाहन मालिकों की भी भूमिका की कडाई से जांच की जाए। जिससे अनाज घोटाले व भ्रष्टाचार से जुड़े सभी कडियों का पर्दाफाश करने के लिए उपयुक्त कदम उठायें। ज्योतिष यादव ने कहा कि अनाज घोटाला और हेराफेरी के मामले में और तेजी लाने के लिए कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल दोबारा मंत्री डॉ रामेश्वर उरॉव से मिलकर दोषियों के खिलाफ चल रहे जांच अभियान को और तेज करने का प्रस्ताव रखेगा।






