जमशेदपुर: झारखंड कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी) के प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडेय ने सुल्तान अहमद को संगठन का प्रदेश महासचिव मनोनीत किया, वहीं गौतम दास को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया. इस अवसर पर शैलेश पांडेय ने उन्हें मनोनयन पत्र सौंपते हुए संगठन की मजबूती एवं श्रमिकों के अधिकारों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई.इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी) कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष अरुण त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में 26 नवंबर 2026 को रांची में आयोजित होने वाली संविधान रक्षा रैली को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडेय ने जिला कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचकर संविधान रक्षा रैली को सफल बनाने का निर्देश दिया.उन्होंने कहा कि पूरे झारखंड से हजारों की संख्या में केकेसी कार्यकर्ता रांची पहुंचकर इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे.(नीचे भी पढे)

शैलेश पांडेय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के आम नागरिकों की आवाज, उनके संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से अपनी बात रखेगी. उन्होंने कहा कि आज देश की जनता महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जूझ रही है तथा देशभर के कामगारों एवं श्रमिकों को विभिन्न चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.ऐसे समय में श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना आवश्यक है. उन्होंने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों से अपील की कि वे कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचें और संविधान रक्षा रैली को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं.बैठक में जिला अध्यक्ष अरुण त्रिपाठी, नवनियुक्त प्रदेश महासचिव सुल्तान अहमद,गौतम दास,मुकेश पांडेय, रंजीत साव, दिनेश उपाध्याय,अजीत शर्मा, महेश यादव सहित केकेसी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.












