जमशेदपुर : बागबेड़ा थानांतर्गत दारू भट्ठी रोड स्थित पुष्पांजलि मोबाइल दुकान में हुई चोरी की वारदात की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. बताते चलें कि विगत 25 जुलाई की रात घटी चोरी की घटना के संबंध में भुक्तभोगी दुकानदार शंकर कुमार साहू ने आज शुक्रवार को बागबेड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. (नीचे भी पढ़ें)
बाबाकुटी कर्पूरी मैदान के पास रहनेवाले पीड़ित दुकानदार शंकर कुमार साहू ने अपनी शिकायत में बताया है कि विगत 25 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था. अगली सुबह जब वह दुकान पहुंचा, तो दुकान का ताला टूटा हुआ था और दुकान के अंदर सामान बिखरे पड़े थे. उसने तुरत पुलिस को इसकी सूचना दी. उसने बताया कि चोर कितने का सामान चोरी कर ले गए हैं, इसका वह आकलन कर रहा है. पुलिस के अनुसार, शिकायत देर से मिलने के बावजूद मामले की जांच शुरू कर दी गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी में शामिल लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे व्यापारी वर्ग में डर का माहौल है. पुलिस ने लोगों से खुद भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरत देने की अपील की है.



