जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत रामनगर रोड नंबर 6 स्थित शिव हनुमान मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे नकदी पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गए. घटना की जानकारी सुबह मंदिर खुलने के बाद हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मंदिर की देखरेख करने वाले चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि दान पेटी करीब तीन वर्षों से नहीं खोली गई थी.(नीचे भी पढ़े)
ऐसे में उसमें अच्छी-खासी रकम जमा होने की संभावना है. हालांकि चोरी गई राशि का सही आकलन अभी नहीं हो पाया है, लेकिन स्थानीय लोगों का मानना है कि रकम बड़ी हो सकती है. मंदिर जैसे धार्मिक स्थल में चोरी से लोगों में नाराजगी है. स्थानीय निवासियों ने निकाय चुनाव के दौरान पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. सूचना मिलते ही एएसआई भोला राणा पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच शुरू की.आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है.














