जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित ललिता परशुराम डेंटल क्लिनिक में मंगलवार की देर रात चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई. दो अज्ञात चोर पीछे के गेट के पास दीवार तोड़कर क्लिनिक के भीतर घुसे और वहां रखा टीवी व लैपटॉप लेकर फरार होने लगे. घटना के समय आसपास के लोगों की हलचल और सतर्कता के कारण एक चोर भागने में असफल रहा और स्थानीय लोगों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्लिनिक के पीछे की ओर अचानक संदिग्ध गतिविधि दिखी, जिसके बाद लोगों ने शोर मचाया. इसी दौरान एक चोर सामान लेकर बाहर निकला, लेकिन घबराहट में वह तेजी से भाग नहीं सका. लोगों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे धर दबोचा, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना तुरंत को दी गयी. उलीडीह थाना सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गयी. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके फरार साथी की तलाश में जुट गयी है. क्लिनिक संचालक ने पुलिस को चोरी गए सामान की जानकारी दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है. उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है. वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे गिरोह का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही फरार चोर को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.











