जमशेदपुर : नशीली दवाओं के अवैध व्यापार और दुरुपयोग के विरुद्ध एक सशक्त पहल करते हुए भारत सरकार ने मानस (मेंटल हेल्थ एंड नार्मलसी ऑगमेंटेशन सिस्टम) राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन पोर्टल की शुरुआत की है. यह पोर्टल देश के प्रत्येक नागरिक को 24×7 सुविधा प्रदान करता है, जिसके माध्यम से वे नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी टोल फ्री नंबर 1933 पर दे सकते हैं. यह विशेष पोर्टल निम्न बिंदुओं से संबंधित शिकायतों के लिए समर्पित है, जिसके तहत नशीली दवाओं की तस्करी, अवैध बिक्री, खरीद, भंडारण या निर्माण, मादक पदार्थों या मनःप्रभावी पदार्थों की गैरकानूनी खेती होगी. (नीचे भी पढ़ें)
नागरिकों द्वारा दी गई सूचना को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अधिकारी शीघ्रता से समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे. ‘मानस’ पोर्टल का उद्देश्य समाज को मादक द्रव्यों की गिरफ्त से मुक्त करना तथा एक नशामुक्त भारत की ओर सशक्त कदम बढ़ाना है. नागरिकों से अपील है कि वे इस पहल का अधिकतम लाभ उठाएं और नशे के विरुद्ध इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं. राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन – 1933 (टोल फ्री) और जमशेदपुर जिला स्तर पर टोल फ्री नंबर 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657-2431028 पर नशा संबंधी गतिविधियों की जानकारी दे सकते हैं.











