
जमशेदपुर : ट्रेड यूनियनों द्वारा देश भर में आहूत बंदी के दूसरे दिन मंगलवार को जमशेदपुर में भी हड़ताल सह प्रदर्शन जारी रहा. जहां एटक, इंटक, सीटू समेत कई ट्रेड यूनियन के नेता साकची आमबगान मैदान से रैली की शक्ल में निकले. यह रैली साकची गोलचक्कर पर पहुंचकर सभा मे तब्दील हो गई. रैली में एटक के जिला सचिव अम्बुज ठाकुर, इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय समेत कई ट्रेड यूनियन के बड़े नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए, मुख्य रूप से बैंकों के विलय, सरकारी उपक्रमों के निजीकरण, मजदूरों के श्रम कानून को बदलने समेत विभिन्न मांगों को लेकर ये दो दिवसीय बंदी आहूत की गई है. विभिन्न बैंकों के कर्मी, एलआईसी कर्मी समेत कई सरकारी उपक्रमों के कर्मचारी हड़ताल पर रहकर अपना विरोध प्रकट करते नजर आए. यूनियन नेताओं के अनुसार देश की केंद्र सरकार पूरे देश को निजी हाथों में सौंपने पर आमादा है और इसी के तहत तमाम सरकारी उपक्रमों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है. साथ ही मजदूरों के अधिकार को दबाने के लिए केंद्र सरकार श्रम कानूनों को खत्म कर रही है. ऐसे में तमाम ट्रेड यूनियन, मजदूर और किसानों ने मिलकर ये आंदोलन छेड़ा है और अब इसे अंजाम तक पहुंचाया जाएगा.





