
जमशेदपुर : जमशेदपुर कोर्ट परिसर के गेट नंबर एक के बाहर दहेज प्रताड़ना के मामले में आई महिला के भाई मो साउद का अपहरण नही हुआ था बल्कि उसे इंदौर की क्राइम ब्रांच अपने साथ ले गई. दरअसल, मध्यप्रदेश के इंदौर में साल 2020 में एक कार चोरी की घटना हुई थी. पुलिस ने जब इस मामले की छानबीन की तो पाया कि कार चोरी का एक पूरा गैंग संचालित हो रहा है. जांच में मो साउद का भी नाम सामने आया था. इंदौर क्राइम ब्रांच को उसकी काफी दिनो से तलाश थी. पुलिस को सूचना मिली की वह काफी दिनो से शहर में है. सूचना पाकर इंदौर क्राइम ब्रांच की एक टीम शहर पहुंची और जमशेदपुर कोर्ट से उसे गिरफ्तार कर लिया. सीतारामडेरा थाना में कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायलय में प्रस्तुत किया गया जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर इंदौर ले जाया गया. बता दे कि मंगलवार की दोपहर जमशेदपुर कोर्ट के गेट नंबर तीन के पास दहेज प्रताड़ने के मामले में आई महिला के भाई को कुछ लोग उठाकर ले गए. महिला ने आरोप लगाया था कि उसके भाई का अपहरण कर लिया गया है.





