जमशेदपुर : टाटा स्टील की कंपनी टिनप्लेट डिवीजन के विस्तार को लेकर चल रहे काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. इस हादसे में एक ठेका मजदूर की जान चली गयी. यह हादसा टिनप्लेट प्रोजेक्ट साइट पर शुक्रवार की दोपहर हुई. इंजीनियरिंग व प्रोजेक्ट (इएंडपी) के तहत चल रहे काम के दौरान उक्त कर्मचारी की मौत हुई. मृतक की पहचान मेसर्स पूरनमल के कर्मचारी के तौर पर हुई है, जिसकी उम्र महज 26 साल थी. मृतक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, मृतक कर्मचारी मोबाइल एलीवेटिंग वर्क प्लेटफार्म पर मेंटेनेंस का काम कर रहा था. काम के दौरान वह बूम और बूम स्टैंड के बीच में काम कर रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान अचानक ऑपरेटर द्वारा बूम को नीचे करने कर दिया गया, जिससे वह उसकी चपेट में आ गया. बूम और बूम स्टैंड के बीच में छाती बुरी तरह फंस जाने से वह गंभीर रुप से घायल हो गया. घटना के तुरंत बाद लोगों ने उसको बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद प्रोजेक्ट के साइट को सील कर दिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गयी है कि आखिर कैसे यह हादसा हुआ है. सेफ्टी के इतने इंतजाम के बाद टाटा स्टील के उक्त प्रोजेक्ट साइट में इस हादसे के बाद कंपनी के सारे आला अधिकारी पूरे एरिया में जाकर खुद अध्ययन कर रहे है.




