
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत ग्वाला बस्ती में रविवार की शाम दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई. इधर मारपीट होता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मारपीट कर रहे दो युवकों को हिरासत में ले लिया. दोनों युवक लहूलुहान अवस्था में थे. इधर पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया है जहां दोनों का इलाज चल रहा है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ग्वाला बस्ती में अक्सर आसमाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. घटना स्थल के पास एक समोसा वाले का ठेला भी लगता है. वहां कुछ युवक समोसा खाने आए थे. किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. थोड़ी देर बाद ही दोनों के बीच मारपीट भी शुरु हो गई. फिलहाल पुलिस घायल का इलाज करा रही है. पुलिस द्वारा मामले की जांच भी की जा रही है.











