
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस (1 अक्टूबर 2021) के अवसर पर व्यापक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है. 1 अक्टूबर को प्रत्येक वर्ष की भांति इस रक्तदान शिविर में 1000 रक्तदाताओं के लिए रक्तदान के लिए व्यवस्था की जा रही है. इस वर्ष आजादी का 75वां वर्ष पर आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम को भी इससे जोड़ा गया है, ताकि मानवता की सेवा भावना के साथ राष्ट्रप्रेम की भावना से भी अधिक से अधिक युवा रक्तदान शिविर में भाग लें. रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा वर्ष भर रक्तदान शिविर का आयोजन कर नियमित रक्त की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया जाता है लेकिन 2 विशेष अवसर, जिसमें 1 अक्टूबर रक्तदान के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है, उसके सम्मान में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन होता है और इसमें होने वाले रक्तदान से लम्बे समय तक रक्त की मात्रा को नियमित रखने में सहूलियत होती है ताकि हर जरूरतमंद को समय पर रक्त मिल सके. प्रत्येक वर्ष जमशेदपुर में लगभग 60 हजार यूनिट रक्तदान होता है, जिसमें से 45 हजार से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान होता है, जो नियमित रक्तदाताओं द्वारा दिया जाता है, ऐसे स्वैच्छिक रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान की मात्रा बढ़ाने के लिए यह रक्तदान महायज्ञ आवश्यक है ताकि जरूरतमंदों को न सिर्फ रक्त मिल सके, बल्कि वह रक्त सबसे अधिक सुरक्षित हो। रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव ने नियमित रक्तदाताओं से रक्तदान शिविर में बढ़ चढ़कर रक्तदान की अपील की है। रक्तदान शिविर में नये रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रक्तदान प्रोत्साहन टी-शर्ट उपहार स्वरूप प्रदान किया जायेगा।











