
जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित वेबको इंडिया कंपनी के कर्मचारियों को इस साल 20 फीसदी बोनस मिलेगा. यह बोनस वित्तीय वर्ष 2019-2020 के वेतन और डीए के आधार पर मिलेगा. बुधवार को इसको लेकर बोनस समझौता पर हस्ताक्षर किया गया. यह बोनस समझौता जमशेदपुर के अलावा लखनऊ के बड़ाबांकी स्थित प्लांट में भी लागू होगा. वेबको इंडिया कंपनी प्रबंधन और झारखंड स्टील मेटल एंड माइंस इंप्लाइज यूनियन (वेबको यूनिट) के बीच यह समझौता हुआ. इसके तहत कर्मचारियों को अधिकतम 26532 रुपये जबकि न्यूनतम 19 हजार रुपये बोनस मिलेगा. 15 अक्तूबर तक सारे कर्मचारियों को बोनस की राशि दे दी जायेगी. इसका लाभ 125 कर्मचारियों को होगा. इस समझौता पर मैनेजमेंट की ओर से वीपी एचआर जोसेफ जैक्शन पानाकल, जीएम इआर एस मनिमरन, जीएम ऑपरेशन शिवकुमार डोराइस्वामी, असिस्टेंट मैनेजर एचआर कुमार राघव जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, उपाध्यक्ष सुखराम मांझी, सचिव अशोक किस्कू, कोषाध्यक्ष संजय जामुदा, कमेटी मेंबर दिनेश मंडल और बैजू साव ने हस्ताक्षर किया.





