
जमशेदपुर : जुगसलाई बाजार जाने वाली सड़क पर इन दिनों नाली का पानी बह रहा है. जुगसलाई रेलवे फाटक के पास नाली का पानी सड़कों पर आ गया है. जिससे लोगों को पैदल बाजार जाने में काफी परेशानी हो रही है. नाली का पानी सड़क पर आने से आए दिन सड़क पर जाम लग जाता है, गाड़ियों की लंबी कतारें लग जाती हैं. वहीं दीवाली को एक हफ्ते से भी कम समय बचा है, लोग बाजार करने के लिए जुगसलाई का ही रुख करते हैं. ऐसे में सड़क पर पानी बहने से परेशानी और बढ़ती जा रही है. इस मसले को लेकर कई राजनीतिक दल और संगठन आवाज उठा चुके हैं पर यह मामला अक्सर ठंडे बस्ते में चला जाता है. इसके अलावा स्थानीय लोगों ने भी शिकायत की है पर अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगता. वहीं रेलवे ओवरब्रिज का मामला भी ठंडे बस्ते में चला गया है. ओवरब्रिज का काम भी फिलहाल बंद पड़ा है.














