जमशेदपुर : जमशेदपुर में पड़ रहे प्रचंड गर्मी से शुक्रवार को लोगों को राहत मिली है. जहां गुरुवार रात से ही आसमान में हल्के- फुल्के बादल छाए हुए हैं. शुक्रवार की सुबह से आसमान में बादलों के रहने और ठंडी हवाओं के चलने के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है. इसके साथ ही बीच-बीच में हल्की-फुल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली. जिस कारण तापमान में 7-8 डिग्री सेल्सियस गिरावट आने से लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत महसूस हुई, जबकि कई दिनों से तीखी धूप निकलने के कारण तापमान 44 डिग्री को पार कर चुका था तथा लोग गर्मी से परेशान थे और घरों से बाहर तक निकलना मुश्किल हो गया था. (नीचे भी पढ़ें)
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास, जबकि न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. जबकि दो दिन पहले तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा था. वहीं मौसम विभाग की माने तो राजधानी रांची सहित राज्य में शुक्रवार से अगले 4 दिनों तक मौसम में बदलाव का पूर्वानुमान है. पूर्वानुमान अनुसार 25 तक तापमान में गिरावट जारी रहेगा. इस दौरान 25 अप्रैल तक तेज हवाओं के साथ गर्जन और वज्रपात की संभावना है. इस दौरान 40-50 किलोमिटर प्रति घंटे के रफ्तार से हवा चलेगी. वही शुक्रवार को भी 40-50 की किलोमिटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है. मौसम विभाग रांची में बारिश और वज्रपात का अलर्ट भी जारी किया है. राज्य के कुछ हिस्सों में 21 और 22 अप्रैल को बारिश के साथ वज्रपात की संभावना जताई गयी है. (नीचे पढ़ें प्रति घंटे का तापमान)
शुक्रवार को सुबह से अधिकतम तापमान ऐसे रहा-
सुबह 8.30 बजे – 34.6 डिग्री सेल्सियस
सुबह 9.30 बजे – 35.4 डिग्री सेल्सियस
सुबह 10.30 बजे – 34.6 डिग्री सेल्सियस
सुबह 11.30 बजे – 33.6 डिग्री सेल्सियस
दोपहर 12.30 बजे – 34.0 डिग्री सेल्सियस
दोपहर 1.30 बजे – 34.0 डिग्री सेल्सियस
दोपहर 2.30 बजे – 34.4 डिग्री सेल्सियस. (नीचे भी पढें)
शनिवार को इन जिलों में बारिश की आशंका- झारखंड के गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुर, जामताड़ा, हजारिबाग, बोकारो, रांची, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां में बारिश का अनुमान है. इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.




