जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर 3बी निवासी जयंती करुआ ने एसएसपी को पत्र लिख कर उनसे अपने घर (होल्डिंग नंबर 79, जोन 3बी, बिरसानगर) पर बेटी द्वारा कब्जा कर लिये जाने की शिकायत करते हुए घर पर कब्जा दिलाने की गुहार लगाई है. पीड़िता ने अपनी बेटी निरूपा राय गगराई पर अपने लिव इन पार्टनर के साथ मिल कर घर पर गलत तरह से कब्जा कर लेने का आरोप लगाया है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता जयंती करुआ ने एसएसपी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि वह अपने पति स्व चक्रधर करुआ के साथ बिरसानगर जोन नंबर 3बी, होल्डिंग नंबर 79 स्थित घर में रह रही थी. इसी दौरान उसकी बेटी निरूपा राय गगराई अपने पति से झगड़ कर उन्हीं के घर में आकर रहने लगी. जयंती ने बताया कि बाद में उसके पति के देहांत के पश्चात उनकी बेटी अपनी मर्जी चलाते हुए कुछ गलत काम करने लगी. यही नहीं, कुछ वर्ष पूर्व वह उनके घर में विशाल कुमार नामक एक गैर आदिवासी युवक के साथ लिव इन रिलेशन में रहने लगी. (नीचे भी पढ़ें)
जयंती ने बताया कि वर्ष 2023 में वह खेती के काम से अपने गांव, पश्चिम सिंहभूम गई. वहां धान की कटाई के पश्चात 3 फरवरी 2024 को रात दस बजे के करीब वह अपने बेटे राजा, उसकी पत्नी एवं अपनी दूसरी बेटी के साथ जब बिरसानगर पहुंची तो बेटी निरूपा राय गगराई ने उन्हें घर में घुसने नहीं दिया. रात बारह बजे के करीब वे लोग थक-हारकर अपनी दूसरी बेटी के ससुराल, घाघीडीह जाकर रहे. जयंती ने बताया कि उसके बाद से ही वह दर-दर की ठोकरें खा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
जयंती के अनुसार कल (रविवार 4 मई, 25 को) वह एक बार फिर बिरसानगर अपने घर पहुंची, लेकिन कल भी उसकी बेटी ने उसे घर में घुसने नहीं दिया. इसके बाद उसने बेटे राजा करुआ की मदद से 100 नंबर पर डायल कर पुलिस सहायता केंद्र से मदद की गुहार लगाई, किन्तु बिरसानगर थाना की पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी के सामने भी उसकी बेटी ने मनगढ़ंत कहानी सुना कर पुलिस कर्मियों को गुमराह कर दिया और उसे एक बार फिर घर में घुसने नहीं दिया गया. जयंती ने इस स्थिति के आलोक में एसएसपी को पत्र लिख कर उनसे बिरसानगर स्थित अपने ही घर में प्रेवेश दिलाने की गुहार लगाई है.











