
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना में सिटी एसपी को अभद्र भाषा का प्रयोग करने और थाना परिसर में लॉकडाउन का उल्लघंन करने के मामले में पुलिस ने प्रभा परिहार को हिरासत में ले लिया. इधर जब पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के पहले मेडिकल के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया तो उसने अस्पताल परिसर में ही जमकर हंगामा किया. सिर्फ प्रभा को ही संभालने के लिए 25 महिला फोर्स को लगाया गया था. इधर सबसे पहले उसे मनोचिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से उसे जांच के बाद न्यायिक हिरासत में ले जाया गया. प्रभा पर लॉकडाउन का उल्लघंन करने का मामला दर्ज है. इस मामले में उसके भाई विकास परिहार को पुलिस द्वारा पूर्व में जेल भेजा गया है. बता दें कि बीते दिनों एसपी सिटी द्वारा परसुडीह थाना में बैठक की जा रही थी. उसी दौरान प्रभा अपने भाई के साथ थाना पहुंची और सिटी एसपी के साथ बकझक करने लगी. दोनों ने मास्क नहीं लगाया हुआ था.



