
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह स्थित के2-250 निवासी बुद्धेश्वर नाथ की पत्नी लिलावती देवी ने सोमवार को घर के कमरे में पंखे के सहारे साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों को जानकारी मिलने पर उन्होने पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और लिलावती को फंदे से उतारकर तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस संबंध में मृतका के पति बुद्धेश्वर नाथ ने बताया कि वे टेल्को कंपनी में ठेकेदारी में काम करते है. उनके दो बेटे है. एक बेटा सौरभ जो कि डिप्लोमा कर रहा है और बड़ा बेटा सचिन जो घर पर ही रहता है. सचिन अपनी मां को रुपये के लिए काफी परेशान किया करता था. अक्सर किसी न किसी काम के लिए रुपये मांगा करता था. जिससे लिलावती काफी परेशान चल रही थी. सोमवार को भी उसने घर के मेन गेट पर दो ताले लगाकर खुद को घर में बंद कर फांसी लगा ली.

जब वे घर पर आए औऱ एक ताले को चाबी से खोला, पर दुसरे ताले की चाबी उनके पास नहीं थी. उन्होने पुलिस को खबर दी. पुलिस ने आके ताला तोड़ा और लिलावती को फंदे से उतारा. फिलहाल इस मामले में अभी तक सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत नहीं की गई है. महिला की ओर से कई बार परिवार के लोगों को बताया था कि बेटे परेशान करते है. उससे तंग आकर ही उसने आत्महत्या कर ली है. वैसे पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.













