जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों की ओर से बुधवार, 14 अक्टूबर को बिष्टुपुर परिसर स्थित स्मार्ट ऑडिटोरियम में एनएसएस इंडक्शन कार्यक्रम एवं एनएसएस स्थापना दिवस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में 2026–2028 बैच की छात्राओं ने भाग लिया. इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, गतिविधियों, सामाजिक दायित्वों तथा राष्ट्र निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराना था. कुलपति प्रो इला कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित उक्त कार्यक्रम में एनएसएस समन्वयक डॉ ग्लोरिया पुर्ती, डॉ छगनलाल अग्रवाल तथा एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ सुनीता कुमार और डॉ डी पुष्पलता भी शामिल रहे. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत एनएसएस गीत से हुआ, जिसने सेवा, एकता और समर्पण की भावना को अभिव्यक्त किया. इसके पश्चात एनएसएस समन्वयक डॉ ग्लोरिया पुर्ती ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया. उन्होंने छात्राओं का स्वागत करते हुए एनएसएस के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला तथा अनुशासन, सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक सेवा के महत्व को रेखांकित किया. साथ ही, उन्होंने एनएसएस प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए निर्धारित गतिविधियों, आवश्यक स्वयंसेवी घंटों तथा सहभागिता संबंधी मानदंडों की जानकारी भी दी. इस अवसर पर डॉ छगनलाल अग्रवाल ने एनएसएस की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने विश्वविद्यालय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों तथा समन्वित पहलों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता तथा समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. (नीचे भी पढ़ें)

एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ सुनीता कुमार एवं डॉ डी पुष्पलता ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा छात्राओं को एनएसएस की विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराया. उनके मार्गदर्शन और अनुभवों ने नवप्रवेशित स्वयंसेवकों को एनएसएस की कार्यप्रणाली समझने तथा आगामी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों की ओर से एक पावरपॉइंट प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें एनएसएस की प्रमुख गतिविधियां, कार्यक्रम और उपलब्धियां प्रदर्शित की गईं. इस के माध्यम से छात्राओं को नएसएस के कार्यक्षेत्र, समुदाय-केंद्रित पहलों तथा सामाजिक कल्याण और सामुदायिक विकास में स्वयंसेवकों के योगदान की जानकारी प्राप्त हुई. इस अवसर पर पूर्व में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम में भाग लेने वाली प्रतिभागियों एवं विजेताओं को उनके योगदान और उपलब्धियों के सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र वितरित किए गए. इस सम्मान समारोह ने छात्राओं को स्वच्छता, पर्यावरण जागरूकता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया.





