जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में सत्र 2022-25 की छात्राओं को समारोह पूर्वक विदाई दी गई. विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा कैंपस में आयोजित इस विदाई समारोह में सभी छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साह पूर्वक हिस्सा लिया. इस अवसर पर कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने स्नातक अंतिम वर्ष की छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामानाएं दीं. कार्यक्रम की शुरुआत विभाग की शिक्षिका डॉ शालिनी प्रसाद के स्वागत सम्बोधन से हुई. उन्होंने छात्राओं को जीवन-लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रोत्साहित करते हुए प्रत्येक छात्रा के प्रति अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किये एवं प्रेरक बातें कहीं. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, छात्राएं भी अपनी खट्टी-मीठी यादें साझा करते हुए भाव विभोर हो गईं. उन्होंने अपनी शिक्षिकाओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की एवं उनके मार्गदर्शन को अपने अकादमिक सफर का अभिन्न हिस्सा बताया. कार्यक्रम में छात्राओं के लिए कई रोचक फन गेम्स भी आयोजित किए गए. विदाई समारोह में छात्राओं को विशेष ख़िताब से सम्मानित किया गया. शिवांगी को मिस फेयरवेल, नैन्सी को मिस शो स्टॉपर एवं जॉयश्री को मिस दीवा चुना गया. छात्राओं के जोशीले नृत्य और उत्साहपूर्ण वातावरण के साथ समारोह संपन्न हुआ. विदाई समारोह ने न केवल छात्राओं की विदाई को उत्सव में बदला, बल्कि छात्राओं के जीवन में एक अविस्मरणीय याद भी जोड़ दिया. विदाई समारोह को स्मरणीय और सजीव बनाने में सीवीसी डॉ अन्नपूर्णा झा की अहम भूमिका रही, जबकि कंप्यूटर ऑपरेटर अलीशा ने भी समारोह को व्यवस्थित और यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.











