जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के एमबीए विभाग की ओर से माइंडफुलनेस एवं ध्यान पर आधारित एक दिवसीय आत्म विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला में ब्रह्माकुमारीज के अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्प्रेरण किया. कार्यशाला की शुरुआत बीके रुचि, बीके अंजना एवं डॉ पीयूष रंजन के साथ विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ सुधीर कुमार साहू, डीएसडब्ल्यू डॉ किश्वर आरा, वाणिज्य और व्यवसाय प्रबंधन विभाग की प्रमुख एवं डीन डॉ दीपा शरण द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. इसके पश्चात डॉ पीयूष रंजन ने एक उत्कृष्ट प्रेरक सत्र की शुरुआत की जिसमें उन्होंने राजयोग ध्यान के महत्व एवं उससे होनेवाले लाभ की जानकारी दी. मुख्य अतिथि, हैदराबाद से आयीं बीके रुचि ने ध्यान क्या है, ध्यान क्यों और कैसे किया जाना चाहिए जैसी बातों की जानकारी दी, साथ ही, इसके दिनचर्या में शामिल कर वास्तविक कार्यान्वयन एवं दैनंदिन जीवन में इसके लाभ के बारे में विस्तार से बताया. (नीचे भी पढ़ें)

बीके अंजना ने अपने सम्बोधन में ध्यान पर अपने अनुभव साझा किये. इससे पूर्व स्वागत भाषण डॉ केया बनर्जी ने किया जबकि अंत में एमबीए विभाग की डॉ श्वेता प्रसाद के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला संपन्न हुई. कार्यशाला में सभी विभागों के प्राध्यापक- प्रध्यापिकाएं शामिल रहीं.




