Jamshedpur : गोविंदपुर थानांतर्गत दुर्गा क्लीनिक के डॉ पीके गुप्ता द्वारा एक महिला का प्रसव कराये जाने के एक घंटा बाद ही महिला की मौत के से आक्रोशित परिजनों व स्थानीय लोगों ने क्लीनिक में जमकर हंगामा और तोडफ़ोड़ किया. इसके बाद मुआवजे और कार्रवाई की मांग करते हुए उन्होंने वहां शव के साथ धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया.
देर शाम तक धरना-प्रदर्शन के बाद स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी, बीडीओ और सीओ वहां पहुंचे. उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली. उसके बाद सरकार की ओर से दाह-संस्कार के लिए 20 हजार रुपये मुआवजा देने के साथ ही मामले की जांच व उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. इसके बाद मामला शांत हुआ.
मौके पर उपस्थित विधायक और पदाधिकारियों ने बताया कि इस मामले में क्लीनिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पीड़ित को सरकार की ओर से मिलने वाले मुआवजे के रूप में 20 हजार रूपये दे दिये जायेंगे. साथ ही मामले की जांच व उचित कार्रवाई की जाएगी.
उल्लेखनीय है कि क्लीनिक में रविवार की सुबह ही महिला का ऑपरेशन कर प्रसव कराया गया था, उसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी. इसे देखते हुए क्लीनिक के डॉक्टर ने महिला को टीएमएच ले जाने की सलाह दी, जिस क्रम में महिला की मौत हो गयी.
मृतका के पति व परसुडीह के यशोदानगर निवासी शिव सिंह ने बताया कि गत 21 अगस्त की दोपहर करीब 3:00 बजे अपनी गर्भवती पत्नी को इलाज के लिए दुर्गा क्लीनिक में भर्ती कराया. उसके बाद पिछले 22 अगस्त को डॉक्टर के द्वारा बताया गया कि अगर नॉर्मल डिलीवरी होगी, को 5000 रुपये लगेंगे, अन्यथा ऑपरेशन होने पर 30 हजार रुपये लगेंगे. उसके बाद 22 अगस्त की शाम को डॉक्टर द्वारा बताया गया कि ऑपरेशन करना पड़ेगा. इस पर परिजनों ने सहमति दे दी. 23 अगस्त की सुबह गर्भवती महिला का ऑपरेशन किया गया.
बच्चा तो ठीक रहा, लेकिन ऑपरेशन के एक घंटा बाद डॉक्टर ने टीएमएच ले जाने की बात कही. शिव सिंह ने बताया है कि टीएमएच ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी पत्नी की मौत हो गयी. वहां पहुंचने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस मामले में शिव सिंह ने मामले की जांच व उचित कार्रवाई करने की गुहार लगायी है.




















