
जमशेदपुर : जमशेदपुर में तेज हवाओं का चलना शुरू हो गया है और रुक रुककर बारिश भी शुरू हो चुकी है. ऐसे में यह अंदेशा मौसम विभाग ने जताया है कि यास साइक्लोन का असर दिखने लगा है. जाहिर सी बात है कि इसको लेकर लोगों को अलर्ट कर दिया गया है. लोगों से अपील की गयी है कि कोई भी पेड़, खंभा या ऐसे सामान, जो गिर सकता है, उसके नीचे नहीं रहे. सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है. सारे तटवर्ती इलाके के लोगों को सचेत रहने को कहा गया है. दूसरी ओर, यास साइक्लोन को देखते हुए टाटा स्टील ने भी अलर्ट और सुरक्षा गाइडलान जारी किया है. करीब 20 बिंदुओं पर सुरक्षा व्यवस्था को पहले से एकत्रित व सही स्थान पर रखने की हिदायत दी गयी है. इसमें सुरक्षा उपकरण, फर्स्ट इक्यूपमेंट, एंबुलेंस, इमरजेंसी व्हीकल, दवा, स्ट्रेचर, मेटेलिक शीट, लूज मैटेरियल, खाली ड्रम, प्लांट में खाने का समान और पीने की पानी की समुचित व्यवस्था करने की बात कही गयी है ताकि ड्यूटी के दौरान प्लांट में रूकने वाले कर्मियों को इसकी दिक्कत न हो. गाड़ियों को इलेक्ट्रिकल पोल, केबल, पेड़, अस्थायी ढांचा के आसपास खड़ा नहीं करने की सलाह दी गयी है. सभी प्लांट व लोकेशन को इमजरेंजी व जरूरी फोन नंबर की हार्ड कॉपी प्रिंट कर के रखने की बात कही गयी है. इस तुफान में पेड़, हाइ मास्ट लाइट, चिमनी, लाइट पोल ऐसे ढांचे के गिरने का डर है इसलिए इसके आसपस लोगों के न जाने की नसीहत दी गयी है. क्रेन के बूम को नीचे गिरा कर रखने की बात ही गयी है. इाके अलावे अन्य दर्जनों बिंदुओं पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की बात कही गयी है. कंपनी द्वारा जारी इंटर्नल सर्कुलर पर सोमवार दोपहर तक पूरी तैयारी कर ली गयी थी. इधर, जमशेदपुर के डीसी सूरज कुमार ने सारे कंपनियों के नाम जारी संदेश में कहा है कि वे लोग कंपनियों में कम से कम कर्मचारियों को दो दिनों के लिए बुलाये. इसके अलावा सारे फील्ड के काम को दो दिनों के लिए रोक दिया गया है.













