जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित डोबो पुल पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लगभग 25 वर्षीया एक युवती ने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी. घटना को देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना तुरत कपाली पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया. पुलिस की तत्परता से युवती की जान बच गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद युवती को सुरक्षित अवस्था में कपाली ओपी लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती कुछ देर तक पुलिया पर अकेली खड़ी थी और अचानक नदी में कूद गई. हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आ सका है. पुलिस के अनुसार युवती मानसिक रूप से काफी परेशान नजर आ रही है और फिलहाल ज्यादा कुछ बताने की स्थिति में नहीं है. पुलिस युवती की पहचान और उसके परिजनों की जानकारी जुटाने में लगी है. वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है. घटना ने मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव जैसे मुद्दों को फिर सामने ला दिया है.







