जमशेदपुर: जमशेदपुर में युवा कांग्रेस ने बुधवार को केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए एक मशाल जुलूस निकाला. यह जुलूस कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों के समर्थन में आयोजित किया गया. मशाल जुलूस का नेतृत्व युवा कांग्रेस के सत्यम सिंह ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता हाथों में जलती मशाल लेकर शामिल हुए और “लोकतंत्र बचाओ”, “वोट चोरी बंद करो”, “राहुल गांधी जिंदाबाद” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा. (नीचे भी पढ़े)
जुलूस की शुरुआत रामलीला मैदान से हुई और साकची गोलचक्कर तक पैदल मार्च किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है, चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही और जनता के मताधिकार से खिलवाड़ किया जा रहा है. सत्यम सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने जो मुद्दा उठाया है, वह देश के हर जागरूक नागरिक की आवाज़ है. “अगर वोट चोरी होगी तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा. हम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए आख़िरी दम तक लड़ेंगे.” प्रदर्शन के अंत में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार और चुनाव आयोग ने इस मामले पर जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.



