- सरकार को नसीहत, 2020 की तरह वर्ष 2021 असफलताओं और यू-टर्न का वर्ष ना रहे : कुणाल षाड़ंगी

जमशेदपुर : झारखंड में हेमंत सरकार के एक साल पूरा होने पर मंगलवार को पहली वर्षगांठ मनाई जा रही है. रांची के मोरहाबादी मैदान में दोपहर से मुख्य समारोह आयोजित हो रहा है. सरकार की ओर से तोहफों की बरसात करने के दावे किये जा रहे हैं. इन सबके बीच राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा ने राज्य सरकार पर जबरदस्त हमला बोला है. भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने सोशल मीडिया से सरकार के एक साल पर उनकी नाकामियां गिनानें का अभियान छेड़ रखा है. प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने राज्य मंत्रिपरिषद को एक वर्ष पूर्ण करने पर बधाई दी. साथ ही नसीहत दे डाली कि आगामी वर्ष 2021 भी 2020 की तरह असफलताओं और घोषणाओं पर यू-टर्न का वर्ष न रहे. उन्होंने मंगलवार सुबह ताबड़तोड़ कई ट्वीट किये और हेमंत सरकार की विभिन्न मोर्चों पर असफलताओं को गिनायी. भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने लॉ एंड ऑर्डर, विकास योजनाएं, रोज़गार, किसान, ट्रांसफर पोस्टिंग, उच्च शिक्षा समेत विभिन्न मोर्चों पर राज्य सरकार की असफलताओं को गिनाया. एक साल यू-टर्न बेमिसाल हैशटैग के साथ भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने राज्य में किसानों की स्थिति को चिंताजनक बताया. (नीचे भी पढ़ें)
कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि कृषि आशीर्वाद योजना बंद है और ऋण माफ़ी के वादों की एक चौथाई पूर्ति के लिए देर से कवायदें शुरू हुई हैं. छठी जेपीएससी को लेकर भी महागठबंधन सरकार की मंशा और इच्छाशक्ति पर सवाल उठाते हुए भाजपा ने प्रतिभाशाली युवाओं के संग क्रूर मज़ाक बताया. कहा कि सीएम जब विपक्ष में थे तो छठी जेपीएससी परीक्षा में गलतियां दिखती थीं, सीएम बनते ही सब गलतियां सही हो गई. राज्य की तीन सौ एमबीबीएस सीटों पर ग्रहण, ओरिएंट क्राफ्ट सरीख़े बड़ी कंपनियों के पलायन, जमशेदपुर से मेडिका जैसे बड़े अस्पतालों का बंद होना, अनुबंध कर्मियों की सेवाएं समाप्त करने जैसे विषयों पर भी भाजपा ने सरकार को घेरा. भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि राज्य में दोबारा नक्सलियों की चांदी हो गई है, जिस पर पिछली भाजपा सरकार ने जबरदस्त नियंत्रण रखा था. विभिन्न विभागों में 3000 ट्रांसफर-पोस्टिंग के मुद्दे पर भी भाजपा ने भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित करने का आरोप लगाया. महिला सुरक्षा के मसले पर भी भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर मसला है कि महज़ एक वर्ष राज्य में 1400 दुष्कर्म के वारदात दर्ज़ हुए हैं. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के सानिध्य में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ‘मज़बूर’ सीएम बन चुके हैं.





