
रांची : झारखंड के भोगता समुदाय के लोगों के लिए बड़ा झटका है. अनुसूचित जाति से भोगता समाज को हटाने का बिल पास हो गया है. इसको लेकर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने सदन में संसोधन विधेयक पेश किया था. इस बिल में झारखंड के भोगता समुदाय को अनुसूचित जातियों की सूची से हटाने और कुछ समुदायों को अनुसूचित जनजातियों की श्रेणी में शामिल किए जाने का प्रस्ताव था. इस बिल में झारखंड राज्य में अनुसूचित जातियों की सूची में से भोगता समुदाय को हटाने के लिए संविधान (अनुसूचित जातियां) आदेश, 1950 और अनुसूचित जनजातियों की सूचियों से कुछ समदुयों को शामिल करने के लिए संविधान (अनुसूचित जनजातियां) आदेश 1950 में और संसोधन का प्रस्ताव किया गया था. इसे राज्यसभा से पास कर दिया गया है. पूर्व में भोगता समाज के लोगों को एसटी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर आवाज उठती रही है. भोगता समुदाय के लोक देश के झारखंड, बिहार, बंगाल, असम, ओडिशा और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में निवास करते हैं.







