रांची : झारखंड पुलिस को नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है. झारखंड के 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली संजय सरजू यादव उर्फ गोदाराम को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के ठाकुरली इलाके से गिरफ्तार किया गया है. महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने झारखंड पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर यह कार्रवाई की. गिरफ्तार नक्सली संजय यादव पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगण गांव का रहने वाला है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि वह नक्सली संगठन की जोनल कमेटी का सक्रिय सदस्य था. झारखंड पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी. उसकी गिरफ्तारी पर झारखंड सरकार की ओर से 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. महाराष्ट्र में गिरफ्तारी के बाद झारखंड पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है. इस कार्रवाई को झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.












