रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों का दल मिला. इस दल में राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, रांची के भाजपा विधायक सीपी सिंह, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण एवं झारखण्ड प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने राजभवन में भेंट की तथा राज्यपाल का बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह के विरुद्ध गंभीर आरोपों की ओर ध्यान आकृष्ट किया. (नीचे भी पढ़े)
आरोपों में गैर कानूनी कार्य करने, विधानसभा के नामांकन पत्र भरने के समय सूचना छुपाने, बीएसएल एचएससीपीएल पुल द्वारा विधायक श्वेता सिंह को आवंटित क्वाटर का नो ड्यूज सर्टिफिकेट संलग्न नहीं कर के गलत जानकारी शपथ पत्र के साथ देने, चार वोटर आईडी कार्ड रखने तथा दो पैन कार्ड रखने संबंधित अपराध सम्मिलित हैं. शिष्टमंडल ने राज्यपाल से उक्त प्रकरणों की शीघ्र निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई कराने तथा भारत निर्वाचन आयोग एवं आयकर विभाग द्वारा निर्धारित नियमों, दिशानिर्देशों एवं संबंधित विधिक प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने हेतु पहल करने का आग्रह किया. गौरतलब है कि शनिवार को एक अखबार ने इस मसले को प्रमुखता से प्रकाशित किया है कि बोकारो की विधायक श्वेता सिंह के पास दो – दो पैन कार्ड है और तीन से अधिक वोटर कार्ड है. ऐसे में कार्रवाई की मांग उठने लगी है.



