जमशेदपुर : जनता दल यूनाइटेड पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने प्रेस वक्तव्य जारी कर जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों में लगातार घटित हो रही चोरी एवं छिनतई की घटना पर चिंता व्यक्त की है. श्री श्रीवास्तव ने कहा कि शहर में चेन छिनतई गिरोह पूर्ण रूप से सक्रिय है. छिनतई की घटना आम हो गई है. बाइक पर सवार बदमाश सुनसान इलाके में महिलाओं के गले से सोने के जेवरात छीन कर फरार हो जा रहे हैं. कोई अगर बीच बचाव या विरोध की कोशिश करता है तो चेन स्नैचर आक्रामक हो जाते है और हमला कर फरार हो जाते है. (नीचे भी पढ़े)
इससे पता चलता है की ऐसे अपराधियों का मनोबल कितना बढ़ा हुआ है. ऐसी घटनाओं पर पुलिसिया कार्रवाई लीपापोती करने तक ही सीमित नजर आ रही है. हाल में शहर के सिदगोड़ा और टेल्को के इलाकों में चेन छिनतई की घटना हुई है. जिससे शहर के नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है. जनता दल यूनाइटेड आने वाले दिनों में शहर की बिगड़ी विधि व्यवस्था को लेकर जिला के वरीय आरक्षी अधीक्षक से मिलकर मांगपत्र सौंपेगी और अपराध को रोकने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने एवं सभी अपराधिक गिरोह पर यथाशीघ्र कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग करेगी.



