जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर अब एक नये मुकाम की ओर बढ़ने जा रहा है. जमशेदपुर के बिष्टुपुर पीएम मॉल में रविवार को रेडिसन होटल का उद्घाटन किया जायेगा. उदघाटन के साथ ही शहर के पर्यटन उद्योग को नयी पहचान मिलेगी. इसकी जानकारी शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित पीएम मॉल में आयोजित प्रेसवार्ता में उपस्थित होटल के महाप्रबंधक विकास वर्मा ने पत्रकारों को दी. उन्होंने बताया कि रेडिसन होटल आधुनिक सुविधाओं का बेहतरीन संगम है. होटल में कुल 105 कमरे हैं, इसके अलावा, दो भव्य बैंक्वेट हॉल, एक बोर्डरूम, स्पा, सैलून, फिटनेस सेंटर, लाउंज बार, बिजनेस सेंटर और वॉक-इन लाइब्रेरी जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध हैं.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि रेडिसन होटल का उद्घाटन 18 मई को होने के बाद व्यवसायिक रूप से 19 मई से प्रारंभ कर दिया जायेगा. यह होटल न सिर्फ व्यवसायिक यात्रियों के लिए बल्कि पर्यटकों के लिए भी पहली पसंद साबित होगा. रेडिसन होटल का ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट सारंडा में स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का स्वादिष्ट संगम है. इसके अलावा, दो प्राइवेट डाइनिंग रूम भी उपलब्ध हैं. होटल का लाउंज बार पलाश प्राकृतिक प्रकाश और वाक-इन लाइब्रेरी के साथ खासतौर पर पोस्ट-वर्क रीलैक्सेशन के लिए डिजाइन किया गया है. बिजनेस मीटिंग और पारिवारिक आयोजनों के लिए होटल में आधुनिक तकनीक से युक्त सुवर्णरेखा नामक पिलरलेस हॉल है. शादी जैसे निजी समारोहों के लिए विशेष डेकोर की व्यवस्था भी की गयी है. उन्होंने कहा कि रेडिसन होटल जमशेदपुर न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और विकास के नये अवसर भी लायेगा. हमारा उद्देश्य शहर को एक नये आयाम देना है.इसके पहले झारखंड में रांची, धनबाद व तीसरा जमशेदपुर में खुलने जा रहा है. इस प्रेसवार्ता में सचिन, प्रणाव, अफजल व कुशल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.



