अनिल कुमार, बोकारो : बोकारो के सेक्टर 2 स्थित कला केंद्र के कॉमरेड गया सिंह सभागार में रविवार को झारखंड राज्य एटक का तीन दिवसीय राज्य सम्मेलन संपन्न हुआ, अंतिम दिन संगठन की ओर से 14 प्रस्तावों पर मुहर लगी, जिनमें मुख्य ठेका मजदूरों को समान काम के लिए समान वेतन देने, स्थायी प्रकृति के कार्यों में ठेका प्रथा बंद करने जैसे मुख्य प्रस्ताव भी शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
एटक सम्मेलन में केंद्र से इन मांगों पर जल्द से जल्द विचार करने आग्रह किया गया. साथ ही केंद्र द्वारा इन मुख्य मांगों पर अमल नहीं किये जाने की स्थिति में वर्ष 2024 के आम चुनावों से पूर्व मजदूरों के साथ सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी गयी. एटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विद्यासागर गिरि ने मीडिया को बताया कि इस तीन दिवसीय सम्मेलन में 14 प्रस्ताव पारित किये गये. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि बेतिया स्टील प्लांट में मजदूरों की स्थायी नियुक्ति हुई गई थी, लेकिन आज तक न उन्हें सुविधा मिली है और न ही उन्हें स्थायी किया गया. उन्होंने कहा कि आनेवाले समय में लोकल स्तर पर भी आंदोलन चलेगा. उन्होंने कहा कि बोकारो स्टील में पहले 56 हजार स्थायी मजदूर थे, पर आज मात्र 9 हजार मजदूर काम कर रहे हैं, बाकी 61 हजार ठेका मजदूर काम कर रहे हैं.











