रांची: रांची स्थित कांग्रेस भवन में मंगलवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की बैठक हुई. इस बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष बृजेंद्र प्रसाद सिंह ने की. इसमें समिति के सदस्य अनादि ब्रह्म, कालीचरण मुंडा, शमशेर आलम, अमूल्य नीरज खालको भी मौजूद थे. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि बैठक में समिति के अध्यक्ष ने राज्य में पुतला दहन घटना की घोर निंदा की गयी. कहा कि आगे से ऐसे मामलों में जो भी संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी. सभी जिला अध्यक्षों एवं वहां के प्रदेश पदाधिकारियों से विस्तृत समीक्षा रिपोर्ट 7 दिनों के अंदर मांगी गयी है.(नीचे भी पढे)
समाचार पत्रों, इलेक्ट्रानिक व सोशल मीडिया में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति, प्रदेश कमेटी के गठन के बाद जिन लोगों ने पार्टी और पार्टी पदाधिकारियों के संबंध में गलत बयान की है, उसके खिलाफ संज्ञान लिया जाएगा. अनुशासन समिति ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में मीडिया के जरिए से बयानबाजी करना पार्टी हित में नहीं है. इससे संबंधित रिपोर्ट जिलों से एक सप्ताह में समिति को मिल जाएगी. प्रतिवेदन मिलने के बाद ही कांग्रेस संविधान के अनुरुप आरोपों की जांच के बाद उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.











