
रांची : बिहार के पटना पुलिस द्वारा झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता रजनीश वर्धन को बिना किसी सूचना के गिरफ्तार करने के मामले में नया मोड़ आ गया. इस मामले को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में वकीलों ने हैवीअस कॉपस दायर कर दी थी. इसके दायर होने के बाद मंगलवार को छुट्टी होने के बावजूद कोर्ट को खोला गया और उसी मसले पर सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि याचिका दाखिल होने के बाद पटना पुलिस ने वकील को छोड़ दिया है. अदालत ने एएसपी दानापुर से पूछा कि जब वकील को गिरफ्तार किया गया तो उन्हें ट्रांजिट रिमांड के लिए मजिस्ट्रेट कोर्ट में क्यों नहीं पेश किया गया. ऐसा नहीं करने पर कोर्ट ने कड़ी नाराजगी भी जताई. अदालत ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि अधिवक्ता की किडनैपिंग हुई है. अधिवक्ता रजनीश वर्धन की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी की ओर से दायर हैवीअस कॉपस पर मंगलवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान पटना एसएसपी, दानापुर एसपी और रांची एसपी वर्चुअल माध्यम से अदालत के समक्ष मौजूद थे. सुनवाई के बाद अदालत ने पटना के एसएसपी और रांची एसएसपी से जवाब मांगा है. अदालत ने इन दोनों से पूछा है कि जब धिवक्ता को देर रात उनके आवास से गिरफ्तार किया गया तो पूरी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन क्यों नहीं किया गया. किन स्थितियों में ऐसा किया गया. अदालत ने इस मामले में बिहार के गृह सचिव को भी प्रतिवादी बनाए जाने का निर्देश दिया है. झारखंड सरकार की ओर से अपर महाधिवक्ता आशुतोष आनंद और बिहार सरकार की ओर से अधिवक्ता दिवाकर उपाध्याय ने अदालत के समक्ष पक्ष रखा. सभी पक्षों को सुनने के बाद न्यायालय ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 25 नवंबर की तिथि निर्धारित की है. अगली सुनवाई तक झारखंड सरकार और बिहार सरकार को एफिडेविट के माध्यम से जवाब दाखिल करने का निर्देश झारखंड हाईकोर्ट ने दिया है. झारखंड हाईकोर्ट में छुट्टी चल रही है. लेकिन इसके बावजूद भी इस मामले के लिए कोर्ट खुला और सुनवाई भी हुई. गिरफ्तार किए गए अधिवक्ता झारखंड हाईकोर्ट में एपीपी (सहायक लोक अभियोजक) हैं. अधिवक्ता की पत्नी श्वेता प्रियदर्शनी की ओर से सोमवार को झारखंड हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल की गई है. याचिका में कहा गया है कि रविवार की रात 10:30 बजे पुलिस उनके आवास पहुंची और उनके पति रजनीश को अपने साथ ले गयी. उन्होंने इसके बारे में जानकारी मांगी, लेकिन पुलिस ने उन्हें जानकारी नहीं दी.













