देवघर : देवघर नगर निगम में उद्धमिता विकास कार्यक्रम के तहत स्वरोजगार कार्यक्रम के लाभुकों एवं क्रेडिट लिंकेज प्राप्त स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों का छह दिवसीय ईडीपी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ. दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य शहरी गरीबों को स्वयं द्वारा निर्मित संस्थाओं के माध्यम से गरीबी से बाहर लाना व उन्हें सम्मानजनक जीविकोपार्जन के साधन मुहैया कराना है. (नीचे भी पढ़ें)

विभागीय निदेश के अलोक में एसईपी घटक के अन्तर्गत स्वरोजगार के लिए सभी ऋण प्राप्त लाभुकों एवं ऐसे स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों, जिनका क्रेडिट लिंकेज हो गया है, को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाना है, जिससे वे अपने व्यवसाय का सफलतापूर्वक व्यवस्थित तरीके से संचालन कर सकें. इसी क्रम में प्रथम चरण में कुल 241 लाभुकों के छह दिवसीय प्रशिक्षण की शुरुआत हुई. सहायक नगर आयुक्त अनिमेश रंजन ने दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह शहरी गरीबी उन्मूलन की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके अन्तर्गत सरकार द्वारा उद्यमिता विकास के लिए शहरी गरीबों को अत्यंत कम दर पर बैंकों द्वारा ऋण प्रदान किया जाता है, किन्तु व्यवसाय को व्यवस्थित ढंग से चलाने के लिए जरूरी व्यावसायिक कौशल दिलाने के लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है. उन्होंने उपस्थित लाभुकों से पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण लेने एवं प्रशिक्षण के बाद अपनी अपेक्षाओं से अवगत कराने की सलाह देते हुए कहा कि उन्हें हर स्तर पर सहायता दी जायेगी. इस अवसर पर प्रशिक्षु सहायक नगर आयुक्त राजकमल एवं सार्जेन मरांडी, कार्यपालक अभियंता अरविन्द कुमार सिंह, नगर मिशन प्रबंधक कौशल किशोर एवं हिमांशु शेखर, एआइआइएलजीएस के डिपुटी डायरेक्टर रवि कुमार, सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे.











