रांची: झारखंड सरकार की नियोजन नीति 2021 रद्द होने के चलते हजारों नियुक्तियों पर रोकने से झारखंड के युवा गुस्से में हैं. झारखंड के पुरानी विधानसभा के पास हजारों युवा इकट्ठा हुए हैं और रैली की शक्ल में नई विधानसभा की ओर कूच किए. युवाओं की मांग है कि सरकार तत्काल ऐसी नियोजन नीति लाए, जिससे रिक्त पदों पर नियुक्ति हो सके.युवाओं का कहना है कि सरकार जानबूझकर ऐसी नीतियां बना रही हैं, जो रद्द हो जाती हैं और इनकी वजह से नियुक्तियों पर रोक लग जाती है. बड़ी संख्या में जुटे युवा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं.(नीचे भी पढ़े)
नए विधानसभा भवन से कुछ दूर रैली को रोकने की पुलिस ने तैयारी कर रखी है. अवरोधक लगाए गए हैं देखने वाली बात होगी की रैली शांतिपूर्वक रुक जाती है या फिर किसी तरह का बल प्रयोग पुलिस प्रशासन को करना पड़ता है.इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया से नियोजन नीति के बारे में कहा है कि सिर्फ उन्हीं की सरकार की नियोजन नीति रद्द नहीं हुई है बल्कि पहले भी नियोजन नीति रद्द हो चुकी है. सरकार इस मामले पर गंभीर है और दूसरे विकल्प की तलाश कर रही है.



