रामगढ़ : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग सोमवार को रामगढ़ के नेमरा गांव पहुंचे. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेमरा स्थित पैतृक आवास पर लोगों ने स्मृति-शेष “गुरुजी” की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. “गुरुजी” को श्रद्धांजलि देने वालों में आम और खास सभी लोग शामिल थे. मौके पर लोगों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की. (नीचे भी पढ़े)

मालूम हो कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के “श्राद्ध कर्म” के आज सातवें दिन सुबह से ही उनके नेमरा स्थित पैतृक आवास में उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा. दिशोम गुरु शिबू सोरेन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए लोगों ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में “गुरुजी” का अतुलनीय योगदान रहा. झारखंडवासी सदैव उनका ऋणी रहेंगे. (नीचे भी पढ़े)

“गुरुजी” ने अपना जीवन आदिवासी, गरीब, दलित, शोषित ,वंचित एवं उपेक्षित समुदाय के उत्थान के लिए समर्पित किया. दिशोम गुरु शिबू सोरेन का संघर्ष, आदर्श एवं उनके द्वारा दिखाए रास्ते राज्यवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा, सिर्फ झारखंड ही नहीं बल्कि पूरा देश “गुरुजी” को हमेशा जननायक के रूप में याद रखेगा. दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में राज्य के मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, पूर्व मंत्री, सांसद एवं विधायकगण सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे. (नीचे भी पढ़े)

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के नगीना लोकसभा सांसद और भीम सेना के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के रामगढ़, नेमरा स्थित पैतृक आवास पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस विकट दुःख को सहन करने शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की. मौके पर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की.











