गिरिडीह : 5 अप्रैल को स्थानीय न्यू परिसदन के सभागार में चित्रपट झारखण्ड द्वारा आगामी 23 से 25 जून को रांची के सरला बिड़ला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होनेवाले राज्य स्तरीय फिल्म फेस्टिवल के पोस्टर का लोकार्पण किया गया. इस अवसर पर संवाददाताओं को सम्बोधित करते हुए चित्रपट झारखण्ड के प्रांतीय अध्यक्ष नन्द कुमार सिंह ने कहा कि बदलते समय में मनोरंजन उद्योग में क्रांति आयी है. इसके मध्यम से झारखण्ड की भाषा और संस्कृति को विश्व पटल पर लाने की जरुरत है. जिन सांस्कृतिक मूल्यों के विषय लेकर भारतीय सिनेमा की शुरुआत हुई थी, आज उसमें बिखराव दिखने लगा है. इसी पृष्ठभूमि में चित्रपट झारखण्ड का गठन किया गया है. यह संगठन राज्य में लगातार कार्यशालाओं का आयोजन करके एक तरफ श्रेष्ठ फिल्म निर्माताओं की टीम खड़ी कर रहा है.(नीचे भी पढ़े)
वहीं दूसरी ओर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की जमीन भी तैयार कर रहा है. लोकार्पण अवसर पर चलचित्र महोत्सव के बारे में जानकारी देते हुए चित्रपट झारखण्ड की प्रांतीय टोली के राकेश रमण ने बताया कि झारखण्ड की भाषा संस्कृति और जनजातीय जीवन को केंद्र में रखकर इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इसमें झारखण्ड के फिल्मकार मात्र 250 तथा 100 रुपये का शुल्क भरकर प्रतिभागी बन सकते हैं. इसकी पूरी जानकारी वेबसाइट WWW. chitrapatjharkhand.org पर उपलब्ध है. साथ ही पोस्टर पर दिये गये क्यूआर कोड को स्कैन करके भी जानकारी ली जा सकती है. श्री कुमार ने आगे यह भी बताया कि इस महोत्सव में झारखण्ड के फिल्मकारों के लिए कुल मिलाकर २ लाख के पुरस्कार भी रखे गये हैं. साथ ही महोत्सव एवं इसके विषय पर आधारित एक स्मारिका भी प्रकाशित होगी जो सभी के लिए संग्रहणीय होगी.











