
रांची : राज्य में बढ़ते कोरोना के मामले डराने वाले है. इसको लेकर एक और जहां स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने आपदा प्रबंधन विभाग को पत्र लिख लॉकडाउन लगाने का सुझाव दिया है वहीं दूसरी ओर हेमंत सरकार ने सोमवार को एक बैठक बुलाई है. बढ़ते संक्रमण को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री आपदा प्रबंधन विभाग ने साथ बैठक करेंगे. बैठक में संक्रमण से जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा. इसके बाद जनता के हित में सरकार उचित फैसला लेगी. इसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ट्वीट कर लोगों को दी है. ट्वीट के माध्यम से उन्होंने कहा कि कोविड 19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार ने विभिन्न विभागों से सुझाव मांगे हैं. सरकार आपकी सुरक्षा हेतु सभी पहलुओं पर बारीकी से नजर रख रही है. आपदा प्राधिकार की कल (सोमवार) को प्रस्तावित बैठक में सभी पहलुओं को ध्यान में रख आप सबके हित में उचित फैसला लिया जाएगा. सीएम ने राज्यवासियों से अनुरोध है कि अफवाह पर ध्यान ना दें. मास्क के बिना घरों से बाहर ना निकलें. घर के बुजुर्गों एवं बच्चों का विशेष ध्यान रखें.















