
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना रोड स्थित संजय पथ निवासी एक युवती के खाते से साइबर ठगों ने 47,975 रुपयों की ठगी कर ली. इस संबंध में पीड़िता ने बिष्टुपुर साइबर थाने में लिखित शिकायत की है. शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया. फोन करने वाले ने खुद को एक कुरियर कंपनी का डिलीवरी बॉय बताया और कहा की एक पार्सल आया है. जब पीड़िता ने फोन करने वाले से कहां की उसने कोई पार्सल नही मंगाया है तो फोन करने वाले ने कहा कि वह एक मैसेज भेज रहा है जिसे वह वापस उसे फावर्ड कर दे. थोड़ी देर बाद उसे एक लिंक आया. लिंक को फॉरवर्ड करने के बाद 10 बार में उसके खाते से कुल 47,975 रुपए कट गए. शिकायत के बाद साइबर सेल मामले की जांच में जुट गई है.














