चाईबासा: झारखंड हाई कोर्ट से मुख्य न्यायाधीश महेश शरतचंद्र सोनक शनिवार को पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा पहुंचे. मुख्य न्यायाधीश के चाईबासा व्यवहार न्यायालय अगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया. इसके बाद जिला जज व अन्य न्यायिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. मुख्य न्यायाधीश के दौरे का मुख्य उद्देश्य न्यायालय की कार्यप्रणाली का जायजा लेना व जिले में विधिक सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करना था.(नीचे भी पढ़े)
इस दौरान मुख्य न्यायाधीश ने चाईबासा व्यवहार न्यायालय के विभिन्न प्रभागों, अभिलेखागार और नवनिर्मित भवनों का निरीक्षण किया. उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर देते हुए न्यायिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्दश दिए. मुख्य न्यायाधीश सोनक ने कानूनी सहायता केंद्रो की कार्यक्षमता की जानकारी हासिल की. उन्होंने कहा कि न्याय प्रक्रिया को सुलभ व पारदर्शी बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए. ताकि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी समय पर न्याय मिल सके.न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था व स्वच्छता को देखकर संतोष जताया. मुख्य न्यायाधीश के दौरे को लेकर सुबह से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा.














