रांची : झारखंड के धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यकुशलता और कुशल नेतृत्व का लोहा मनवाया है. ‘फेम इंडिया–एशिया पोस्ट’ के प्रतिष्ठित वार्षिक सर्वेक्षण के दूसरे चरण में जारी देश के टॉप-25 प्रमुख पुलिस कप्तानों की सूची में प्रभात कुमार को शामिल किया गया है. पूरे झारखंड कैडर से इस सूची में जगह बनाने वाले वह एकमात्र आईपीएस अधिकारी हैं. सर्वेक्षण में अधिकारियों का मूल्यांकन अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, त्वरित निर्णय क्षमता, जनहितैषी पुलिसिंग (कम्युनिटी पुलिसिंग), संकट प्रबंधन, तकनीक के उपयोग और जनता के बीच पुलिस की छवि जैसे कड़े पैमानों पर किया गया. पहले चरण में देशभर से 100 उत्कृष्ट पुलिस कप्तानों का चयन हुआ था, जिसमें झारखंड से पांच अधिकारी प्रभात कुमार, अनुदीप सिंह, हृदीप पी जनार्दन, डॉ बिमल कुमार और श्रीकांत सुरेशराव कोत्रे शामिल थे. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं दूसरे चरण में 100 अधिकारियों की समीक्षा के बाद देश के शीर्ष 25 अधिकारियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जिसमें झारखंड से केवल प्रभात कुमार ने अपनी जगह पक्की की. उल्लेखनीय है कि एसएसपी प्रभात कुमार के कार्यकाल में धनबाद में संगठित अपराध और साइबर ठगी पर कड़ा प्रहार किया गया है. तकनीक-आधारित आधुनिक पुलिसिंग, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन, यातायात सुधार और आम नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर विश्वास बहाल करने में उनकी कार्यशैली प्रभावी साबित हुई है. राष्ट्रीय स्तर की इस सूची में धनबाद एसएसपी का नाम शामिल होना जिला पुलिस बल के साथ-साथ पूरे राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि, झारखंड के तेज तर्रार आइपीएस अधिकारी के तौर पर प्रभात कुमार को जाना जाता है. उन्होंने हाल ही में धनबाद के प्रिंस खान के गैंग का नेटवर्क तोडा है जबकि जमशेदपुर के पहले सिटी एसपी और फिर एसएसपी होकर प्रभात कुमार ने अपराधियों का पूरा नेटवर्क को तोड़ दिया है. इसको देखते हुए उनका चयन किया गया है.




