
रांची : शनिवार को भारत सरकार की ओर से एक बड़े सम्मान से झारखंड को नवाजा गया. नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द नें स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में झारखंड को राज्यों की श्रेणी में देश के अव्वल राज्य का सम्मान प्रदान किया. इस मौके पर राज्य सरकार की ओर से नगर विकास एव आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे ने सम्मान प्राप्त किया. साथ में राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक अमित कुमार भी मौजूद थे. इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी एवं केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने झारखंड सरकार, नगर विकास विभाग और प्रदेश के नागरिकों को इस सम्मान के लिए बधाई दी. (नीचे देखे पूरी खबर)

सफाई के क्षेत्र में जमशेदपुर और जुगसलाई भी सम्मानित
स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में 100 शहरी निकायों वाले राज्यों की श्रेणी में झारखंड को बेस्ट परफॉर्मिंग अवार्ड के साथ कुछ शहरों को भी विभिन्न कैटेगरी में सम्मानित किया गया है, जो इस प्रकार है. देश के 3 से 10 लाख तक की आबादी वाले शहरों में जमशेदपुर को सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज के लिए दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है. पूर्वी जोन के 25-50 हजार आबादी वाले शहरों में जुगसलाई को सिटिजन फीडबैक के लिए बेस्ट सिटी के रूप में सम्मानित किया गया है. इसी तरह से गार्बेज 3 स्टार रेटिंग में भी झारखंड के जमशेदपुर को थ्री स्टार (3***) रेटिंग से सम्मानित किया गया है.
शहरी स्वच्छता के क्षेत्र में झारखंड का प्रदर्शन
गौरतलब है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2016 में झारखंड की स्थिति बहुत प्रशंसनीय नही थी, पर लगातार स्वच्छता सर्वेक्षण 2017, 2018, 2019, 2020 और 2021 में राज्य की जनता के सहयोग और शहरी निकायों तथा राज्य सरकार के कुशल मार्गदर्शन में राज्य नें स्वच्छता के क्षेत्र में कई सम्मान प्राप्त किए हैं. वर्तमान समय में राज्य देश में अव्वल स्थान पर खड़ा है और हमारे शहर सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में भी सम्मानित हो रहे हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)

स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में विभाग और निकायों द्वारा उठाए गए कुछ महत्वपूर्ण कदम
स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 से पहले सभी निकायों में बैठक,कार्यशाला और कैंपेन आयोजित हुआ. समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम चलाए गए. डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन सुनिश्चित कराया गया. सेग्रिगेशन एंड प्रोसेसिंग ऑफ वेस्ट को प्राथमिकता दी गयी. पीट कंपोस्टिंग एंड ऑनसाइट कंपोस्टिंग के लिए नगर निकायों और नागरिकों को प्रोत्साहित किया गया. रीसाइक्लर्स को नगर निकायों के साथ जोड़ा गया. कैरी बैग को वैन किया गया और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल में कमी लायी गयी. स्वच्छता ऐप के माध्यम से सफाई से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निदान किया गया. स्वच्छता के क्षेत्र में झारखंड को मिली सफलता पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नें प्रदेश के शहरी निकायों में रह रहे नागरिकों और सफाईकर्मियों को बधाई और शुभकामना दी है. मुख्यमंत्री ने कहा है कि सभी के संयुक्त प्रयास से ये सम्मान झारखंड को प्राप्त हुआ और यह सम्मान प्रदेश के नागरिकों के लिए गौरव का विषय है. राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने भी राज्य की जनता और नगर विकास विभाग के पदाधिकारियों तथा कर्मियों को बधाई दी है. इधर नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे ने इस सफलता के लिए माननीय मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन और नागरिकों के सहयोग को श्रेय देते हुए विभाग से अगले सर्वेक्षण में और बेहतर परफॉर्मेंस की उम्मीद जतायी है. राज्य शहरी विकास अभिकरण और स्वच्छ भारत मिशन शहरी के मिशन डायरेक्टर अमित कुमार ने कहा है कि यह क्षण झारखंड के लिए गौरव का क्षण है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन और सचिव नगर विकास एवं आवास विभाग विनय कुमार चौबे के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हो सकी है, उन्होंने सभी नगर निकायों के पदाधिकारी, कर्मी सफाई कर्मी और नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि इस सम्मान से आगे भी बेहतर कार्य की प्रेरणा मिलेगी. (नीचे देखे पूरी खबर)

जमशेदपुर और जुगसलाई का सर्वेक्षण रिजल्ट
स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति क़ो 12वां स्थान प्राप्त हुआ है. पिछले वर्ष 13 वां स्थान प्राप्त हुआ था. नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ अमृत महोत्सव अवार्ड समारोह में जमशेदपुर को गार्बेज फ्री सिटी एवं सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज हेतु दो विशेष अवार्ड प्राप्त हुए. सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में देश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ. इसमें जमशेदपुर को पांच करोड़ की इनामी राशि भी प्राप्त हुई. वहीं विगत वर्ष के तरह ही इस वर्ष भी जुगसलाई नगर परिषद ने सफलता का परचम लहराते हुए पॉपुलेशन कैटेगरी के ( 25-50 हजार की आबादी) में राज्य में पुनः प्रथम स्थान प्राप्त किया है. इसके अलावा जुगसलाई नगर परिषद को “स्वच्छ सिटी अवार्ड” के तहत “बेस्ट सिटी इन सिटीजन फीडबैक 25 हजार की आबादी की श्रेणी में)” से पुरुस्कृत किया गया. इस अवार्ड समारोह में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सूरज कुमार, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जगदीश यादव, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार, टाटा स्टील यूटिलिटीज के महाप्रबंधक धनंजय मिश्रा, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के नगर प्रबंधक संदीप कुमार तथा जुगसलाई नगर परिषद के नगर प्रबंधक राजेन्द्र कुमार शामिल हुए. स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 का प्रारंभ अप्रैल 2020 से हुआ जो कि फरवरी 2021 तक चला. इसका परिणाम शनिवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा जारी किया गया. इस मौके पर उपायुक्त सूरज कुमार, विशेष पदाधिकारी जमशेदपुर अक्षेस कृष्ण कुमार, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जगदीश यादव एवं टाटा स्टील के महाप्रबंधक धनंजय मिश्रा द्वारा जमशेदपुर की समस्त जनता के प्रति आभार व्यक्त किया गया जिन के सहयोग से स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में बेहतर परिणाम के साथ साथ अवार्ड भी प्राप्त हुए. स्वच्छ सर्वेक्षण में जुगसलाई को 6000 में से कुल 3169 अंक प्राप्त हुए है. साथ ही जुगसलाई को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ प्लस) सर्टिफिकेट भी प्राप्त है. वहीं जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 हेतु निम्न प्रकार से अंक सर्विस लेवल प्रोग्रेस 2400 में से 1935.55 अंक हासिल हुआ जबकि सिटीजन वॉइस में 1800 में से 1621 अंक जबकि सर्टिफिकेशन के 1800 में से 1100 अंक यानी कुल 6000 अंकों में 4656.51 अंक हासिल हुआ.












