खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना अंतर्गत कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर गुरुवार की देर रात भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गयी. इलाज के दौरान शुक्रवार की दोपहर एक घायल ने दम तोड़ दिया. जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कर्रा्- तोरपा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. जाम लगने के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. घटना के संबंध में बताया जाता है तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार अनियंत्रित भारी वाहन ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) सड़क पर मौजूद लोगों को रौंदते हुए पुलिया तोड़कर गड्ढे में जा गिरा. हादसा रात करीब 10 बजे के बाद जोने-लुदरू मोड़ के पास हुआ. मृतकों में 11 माह का बच्चा सौरभ नायक भी शामिल है. हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया. बताया जाता है कि किसी दुर्घटना की आवाज सुनकर जोने-लुदरू मोड़ के पास स्थित कॉलोनी के लोग घटनास्थल देखने के लिए सड़क पर निकले थे.(नीचे भी पढ़े)

इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. लोगों को रौंदने के बाद ट्रक पुलिया तोड़ते हुए गड्ढे में जा गिरा. हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गये.घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. सीएचसी कर्रा के स्वास्थ्यकर्मी भी तत्काल वहां पहुंचे. पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से दो घायल बच्चों को सीएचसी कर्रा पहुंचाया गया, जबकि अन्य घायलों को थाना वाहन से सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया. दोनों बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खूंटी रेफर कर दिया गया.हादसे की जानकारी मिलने पर तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया.












