कोडरमा: कोडरमा जिले के चंदवारा थाना अंतर्गत उरवां मोड़ के समीप शनिवार को गैस टैंकर एवं सवारी गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. इसके बाद अनियंत्रित टैंकर ने फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले कई दुकानदारों और आम लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हो गए. मृतक की पहचान चौथा बरकट्ठा हजारीबाग निवासी रूपलाल सिंह के रूप में हुई है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि हजारीबाग से कोडरमा होते हुए एक एलपीजी टैंकर बिहार की ओर जा रहा था. (नीचे भी पढ़े)
वहीं झुमरीतिलैया से सवारी लेकर एक सवारी गाड़ी तिलैया डैम की ओर जा रही थी. जैसे ही सवारी गाड़ी उरवां मोड़ के पास पहुंची, विपरीत दिशा से आ रहा एलपीजी टैंकर अचानक से सड़क के दूसरे लेन में घुस गया और वह अनियंत्रित होकर तिलैया डैम के रास्ते में जाने लगा. इस दौरान पहले तो टैंकर ने सवारी गाड़ी को अपनी चपेट में लिया, उसके बाद फुटपाथ पर दुकान लगाए हुए कई दुकानदारों को भी अपने चपेट में ले लिया.घटना के बाद चंदवारा थाना की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया, जहां सभी घायलों का इलाज चल रहा है. घटना के बाद गैस टैंकर का चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने गैस टैंकर को कब्जे में ले लिया है.



