जमशेदपुर: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के भक्तिनगर निवासी 35 वर्षीय मुकेश कुमार साव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सोमवार शाम घर में उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला. घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह परिजन जमशेदपुर पहुंचे. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. मुकेश दुर्गा पूजा मैदान के पास फल की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक की पत्नी पूजा देवी ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य शनिवार को एक शादी समारोह में शामिल होने पटना गए थे. सोमवार शाम उन्हें मुकेश की मौत की सूचना मिली. इसके बाद मंगलवार सुबह परिजन जमशेदपुर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पूजा देवी के अनुसार, मुकेश को दुर्गा पूजा मैदान के पास से अपनी फल की दुकान हटाने के लिए कहा गया था. दुकान हटाने को लेकर वह काफी दिनों से तनाव में था. पत्नी ने आशंका जताई कि इसी परेशानी के कारण मुकेश ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया होगा. हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजहों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.















